फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: स्वतंत्रता सेनानी आश्रित बन हथिया ली दरोगा की नौकरी

Thu, 09 Nov 2023 12:04 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। सिविल पुलिस, पीएसी और अग्निशमन विभाग में 2020-21 में हुई भर्ती में एक और फर्जीवाड़ा पीटीएस में पकड़ा गया। सेंटर के एक प्रशिक्षु ने स्वतंत्रता सेनानी का आश्रित होने का फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर सिविल दरोगा की नौकरी हथिया ली थी। जिलाधिकारी कार्यालय बुलंदशहर से सत्यापन कराने पर आश्रित प्रमाण-पत्र फर्जी पाया गया। आरोपी के खिलाफ पीटीएस के क्षेत्राधिकारी ने मंगलवार को कोतवाली नगर में केस दर्ज कराया।
विज्ञापन



2020-21 में हुई भर्ती में बुलंदशहर के थाना खुजनगर के समसपुर निवासी हेमराज का चयन हुआ था। उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर चयनित हेमराज मार्च 2023 से पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय सुल्तानपुर में प्रशिक्षण ले रहा था। हेमराज ने अनुसूचित वर्ग के स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित के रूप में आवेदन किया था।

चयन प्रकिया के दौरान अभिलेखों एवं शारीरिक मानक परीक्षण में उसने जिलाधिकारी कार्यालय बुलंदशहर से निर्गत स्वतंत्रता सेनानी आश्रित विषयक प्रमाणपत्र दिया था। पुलिस अधीक्षक बृजेश मिश्र के निर्देश पर पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय के अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने हेमराज के स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित विषयक प्रमाणपत्र का जिलाधिकारी कार्यालय बुलंदशहर से सत्यापन करवाया।
विज्ञापन


डीएम कार्यालय बुलंदशहर से मिली आख्या में उसका स्वतंत्रता सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया है। एडीशनल एसपी की जांच में पाया गया कि हेमराज का चयन जिस स्वतंत्रता सेनानी आश्रित कोटे के प्रमाणपत्र पर हुआ है, वह फर्जी है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद पीटीएस एसपी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी कर्ण सिंह यादव ने आरोपी हेमराज के खिलाफ कोतवाली नगर में केस दर्ज करा दिया।





दो माह से फरार चल रहा आरोपी

पीटीएस सुल्तानपुर में 621 प्रशिक्षु ट्रेनिंग ले रहे हैं। फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले हेमराज को करीब दो माह पहले ही अंदेशा हो गया था कि वह फर्जीवाड़े में फंस सकता है। इसके बाद से वह पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय से बिना किसी को कुछ बताए फरार हो गया।





बर्खास्त किया गया आरोपी प्रशिक्षु
पीटीएस के अपर पुलिस अधीक्षक की जांच में स्वतंत्रता सेनानी आश्रित फर्जी प्रमाणपत्र की पुष्टि होने पर हेमराज को बर्खास्त कर दिया गया है। वह पहले से ही फरार चल रहा है। उसने कूटरचित प्रमाणपत्र बनाकर सरकारी सेवा का अनुचित लाभ लेने की कोशिश की थी।

-बृजेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक, पीटीएस





चार माह में दो फर्जीवाड़ों का हुआ खुलासा

2020-21 में हुई भर्ती में मथुरा जिले के थाना मोहझील ग्राम गढ़ी सामंता निवासी ध्रुव चौधरी का भी चयन हुआ था। ध्रुव पुलिस ट्रेनिंग स्कूल अमहट में करीब चार माह से प्रशिक्षण ले रहा था। उसके स्थान पर मुख्य परीक्षा किसी दूसरे ने दी थी। सात जुलाई को पीटीएस में जांच के दौरान वह परीक्षा देने वाले व्यक्ति के अंगूठे का क्लोन लगाकर बायोमीट्रिक जांच करवा रहा था। भर्ती कराने वाली कंपनी के अधिकारी और लखनऊ से आए भर्ती बोर्ड के सीओ मो. असगर को संदेह हुआ था। अंगूठा खुरचवाया गया तो क्लोन उतर गया था। इसके बाद वह पकड़ लिया गया था। ध्रुव चौधरी के खिलाफ भर्ती बोर्ड के सीओ मो. असगर ने कोतवाली नगर में धोखाधड़ी, कूटरचना समेत अनेक गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया था।





सुस्त पड़ी क्लोन के जरिये फर्जीवाड़े की जांच

पीटीएस सुल्तानपुर में क्लोन अंगूठा निशान के जरिये दरोगा का प्रशिक्षण लेने के मामले में पुलिस सुस्त हो गई है। जुलाई में केस दर्ज होने के बाद शुरुआती जांच में सामने आया था कि भर्ती के फर्जीवाड़े में गैर प्रांत का नेटवर्क था। उसके बाद से पुलिस की जांच सुस्त पड़ी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें