कुड़वार (सुल्तानपुर)। कस्बे में हलियापुर मार्ग पर बुधवार को एंटी करप्शन टीम ने सदर तहसील के एक राजस्व निरीक्षक व उसके निजी मुंशी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कुड़वार थाने में केस दर्ज करा दिया।
कुड़वार थाना क्षेत्र के सोहगौली गांव निवासी शिवगोपाल पाठक ने खेत की पैमाइश करने के लिए आवेदन किया था। उनका आरोप है कि पैमाइश के लिए कुड़वार क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक त्रिलोकीनाथ मिश्र ने उनसे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। राजस्व निरीक्षक ने पांच हजार रुपये पहले व बाकी पांच हजार रुपये पैमाइश के बाद देने को कहा था।
इस पर पीड़ित ने चार नवंबर को एंटी करप्शन टीम से मामले की शिकायत की थी। उनकी शिकायत पर बुधवार दोपहर अयोध्या से एंटी करप्शन की टीम कुड़वार कस्बे में पहुंची। तय शर्त के मुताबिक राजस्व निरीक्षक त्रिलोकीनाथ हलियापुर मार्ग पर अपने मुंशी कुलदीप तिवारी उर्फ चंदन के साथ पहुंचा।
इस बीच शिवगोपाल पाठक टीम के बताए ढंग के मुताबिक पांच हजार रुपये देने लगे। एंटी करप्शन टीम ने दोनों को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद एंटी करप्शन टीम दोनों को कुड़वार थाने पर ले गई। वहां दोनों के खिलाफ केस दर्ज कराया। इसके बाद टीम दोनों को लेकर अयोध्या रवाना हो गई। टीम के निरीक्षक राय साहब द्विवेदी ने बताया कि दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इसके पहले पकड़े जा चुके हैं चार राजस्व कर्मी
जिले में इसके पहले भी रिश्वतखोरी में राजस्व विभाग के तीन लेखपालों व एक अन्य राजस्व कर्मी के खिलाफ एंटी करप्शन की टीम कार्रवाई कर चुकी है। सदर तहसील में तैनात रजिस्ट्रार कानूनगो राजीव सिंह को टीम ने घूस लेते करीब पांच साल पहले दबोचा था। इसके बाद सदर तहसील के लेखपाल अशोक सिंह को करीब दो साल पहले घूस लेते पकड़ा था। करीब एक साल पहले बल्दीराय के एक लेखपाल कमलेश कुमार व करीब छह माह पहले लंभुआ के एक लेखपाल विकास कुमार को टीम ने घूस लेते रंगेहाथ पकड़ा था। एंटी करप्शन टीम की लगातार कार्रवाई के बावजूद घूसखोरी नहीं रुक पा रही है।