सुल्तानपुर। गोमती नदी के बभनगंवा घाट पर बनाया जा रहा सेतु का एक कुआं टेढ़ा पाया गया है। कुआं टेढ़ा बनाकर सेतु निगम ने करीब पौने 22 करोड़ की लागत से बन रहे सेतु पर फिर बट्टा लगा दिया है। लगातार दो सेतुओं में खामियां मिलने से मामला गंभीर होता जा रहा है। निरीक्षण में सीडीओ के साथ पहुंचे डीएम ने टेढ़े कुएं की तकनीकी जांच कराने का निर्देश दिया है।
सेतु निगम की ओर से दूबेपुर विकास खंड के कटावां घाट के गोमती नदी पर बनाया जा रहा सेतु का पिछले दिनों एक पियर टेढ़ा पाया गया था। डीएम रवीश गुप्ता व सीडीओ अतुल वत्स की जांच में पियर टेढ़ा मिलने पर जिलाधिकारी ने तकनीकी जांच का निर्देश दिया था। कटावां घाट सेतु की तकनीकी जांच अभी पूरी नहीं हो पाई इस बीच बृहस्पवितार को डीएम व सीडीओ के निरीक्षण में बभनगवां घाट के गोमती नदी का एक कुआं टेढ़ा पाया गया। करीब 21 करोड़ 72 लाख की लागत से बनाए जा रहे सेतु का कुआं टेढ़ा मिलने से सेतु निगम के कार्य पर बट्टा लग गया है। निरीक्षण में कुआं टेढ़ा मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कुएं की तकनीकी जांच का निर्देश दिया है।