सूरापुर। कादीपुर के विजेथुआ धाम में औद्योगिक कॉरिडोर की स्थापना के लिए सोमवार को पहुंची पर्यटन निदेशालय की टीम ने पूरे इलाके का निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने जमीन के खातेदारों से भी बातचीत की।
रामायण सर्किट में शामिल होने के बाद डीएम कुमार हर्ष ने विजेथुआ धाम में औद्योगिक कॉरिडोर स्थापना के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। इसमें सात स्थलों के लिए 16 गाटा की 2.47 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित की गई है। भू-मालिकों ने अपनी भूमि औद्योगिक कॉरिडोर के लिए देने पर सहमति भी जताई है। इसकी जानकारी मिलने पर पर्यटन निदेशालय की टीम विकसित किए जाने वाले स्थलों का जायजा लेने के लिए सोमवार को पहुंची।
टीम ने पौराणिक धर्मस्थली विजेथुआ धाम का सर्वे किया। बजरंगबली के दर्शन के बाद टीम ने मकरी कुंड सरोवर व अन्य स्थलों का जायजा लिया। टीम में शामिल अवकाश प्राप्त राजस्व सलाहकार उमापति ने बताया कि तैयार सर्वे रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। डीएम कुमार हर्ष ने बताया कि औद्योगिक कॉरिडोर के प्रस्ताव पर सर्वे करने के लिए निदेशालय की टीम विजेथुआ पहुंची थी। रिपोर्ट पर पर्यटन विभाग की सहमति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। इस मौके पर स्थानीय विधायक राजेश गौतम, उपजिलाधिकारी उत्तम तिवारी, उप निदेशक ब्रजपाल सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।