जयसिंहपुर/ दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। गोशैसिंहपुर गांव में 13 दिन पहले आम तोड़ने के विवाद में मारपीट में घायल व्यक्ति की बृहस्पतिवार को लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। देररात परिजन शव लेकर घर पहुंचे। घटना पर परिजनों में जबरदस्त आक्रोश है। रात में हंगामे की आशंका को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। मारपीट के एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
गोशैसिंहपुर निवासी इब्राहिम अंसारी (48) सऊदी अरब में मजदूरी करते थे। डेढ़ माह पहले वे गांव आए थे। पिछली सात जून दोपहर इब्राहिम गांव के बाग में बकरी चराने गए थे। आरोप है कि वहां पर दानूपट्टी, गोशैसिंहपुर निवासी बाॅबी और सौरभ एक पेड़ से आम तोड़ रहे थे।
मना करने पर आरोपियों ने उन्हें जमकर पीटा था। पिटाई से गंभीर रूप से घायल इब्राहिम को बिरसिंहपुर अस्पताल से ट्राॅमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया था।
इसके बाद ट्राॅमा सेंटर से उन्हें बलरामपुर चिकित्सालय शिफ्ट कर दिया गया था। घटना के दिन पीड़ित के छोटे भाई नवाब की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग के अंदेशे में कार्रवाई की थी।
उधर, इब्राहिम का इलाज बलरामपुर अस्पताल लखनऊ में चल रहा था। इलाज के दौरान बृहस्पतिवार सुबह इब्राहिम ने दम तोड़ दिया। देर शाम शव लेकर परिजन गांव पहुंचे तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक के परिजनों ने दोस्तपुर पुलिस की कार्यशैली के प्रति रोष जताया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए मृतक के घर के पास पुलिस बल तैनात किया गया है।
सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि पूर्व में दर्ज मुकदमे में धारा बढ़ाई जा रही है। एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।