सुल्तानपुर। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के जादीपुर गांव निवासी गुड्डू शर्मा अपने कच्चे मकान में बृहस्पतिवार की रात पत्नी आशा शर्मा के साथ सो गए थे। शुक्रवार की सुबह बरसात के दौरान कच्चा मकान भर-भराकर ढह गया। मकान के मलबे में गुड्डू और उनकी पत्नी आशा दब गए। चीख-पुकार के बाद पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला। एंबुलेंस से दंपती को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना के बाद गांव में पहुंचे राजस्व कर्मी ने नुक़सान का आकलन किया है।