सुल्तानपुर। करौंदीकलां में आयोजित ब्लॉक दिवस में विकास खंड कार्यालय के अधिकांश अभिलेख अपूर्ण पाए गए हैं। निरीक्षण व समीक्षा में नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने स्थापना लिपिक के खिलाफ कार्रवाई, एपीओ मनरेगा को नोटिस व सेक्रेटरी के खिलाफ जांच का निर्देश दिया है। सीडीओ के निरीक्षण व समीक्षा से विकास खंड में कार्यालय में हलचल मची रही।
प्रत्येक शनिवार को एक विकास खंड में आयोजित किए जाने वाले ब्लॉक दिवस कार्यक्रम के तहत शनिवार को करौंदीकलां विकास खंड में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। ब्लॉक दिवस में पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स ने विकास विभाग के अधिकारियों के साथ ब्लॉक का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद संचालित विभिन्न योजनाओं के अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण व समीक्षा में स्थापना, आईजीआरएस, आरटीआई पंजिका समेत अधिकांश अभिलेख अपूर्ण पाए गए। नाराज सीडीओ ने स्थापना लिपिक के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।
ग्राम पंचायत रवनिया के अभिलेखों के संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। कैश बुक भी अधूरी पाई गई। इस पर नाराजगी जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने डीपीआरओ को जांच का निर्देश दिया है। निरीक्षण व समीक्षा में मनरेगा के अभिलेख भी अपूर्ण पाए गए।
एपीओ से पूछताछ में विभिन्न वजह बताई जाती रही। इससे नाराज सीडीओ ने एपीओ को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। सीडीओ ने ब्लॉक कार्यालय पर विकास खंड से संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रगति की जानकारी लेते हुए उसे समय से गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी डीआर विश्वकर्मा, डीपीआरओ अविनाश कुमार, उपायुक्त मनरेगा विनय श्रीवास्तव समेत संबंधित मौजूद रहे।