प्रांतीय खेलकूद समारोह को संबोधित करते खेल मंत्री गिरीश यादव। स्रोत- विद्यालय
सुल्तानपुर। विद्या भारती की ओर से आयोजित 37वें प्रांतीय खेलकूद समारोह काशी प्रांत का उद्घाटन मंगलवार को सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में हुआ। प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
यह समारोह पहले पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में होना था, लेकिन बारिश के कारण सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज के परिसर में आयोजित किया गया। खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि सरकार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए व्यापक बजट और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। संगठन मंत्री राम मनोहर, प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी और विद्यालय के प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र विशिष्ट अतिथि थे। प्रांतीय खेलकूद संयोजक अजीत भी इस अवसर पर मौजूद रहे। यह आयोजन विद्यालय के शारीरिक प्रमुख जगदंबा प्रसाद तिवारी के संयोजन में संपन्न होगा।