सुल्तानपुर। जिले में अवैध रूप से संचालित हो रहे विद्यालयों की जांच कराई जाएगी। इसके लिए सभी ब्लॉकों में नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी दे दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने नोडल अधिकारियों से एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब की है। जांच में पकड़े जाने पर जुर्माना करने की चेतावनी दी गई है।
शिक्षा विभाग के पास जिले में विद्यालयों व कक्षाओं के अवैध रूप से संचालन की शिकायतें मिल रही थीं। इसको शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। ऐसे स्कूलों की जांच के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक एसके सिंह ने आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि बिना मान्यता के संचालित हो रहे स्कूलों पर एक लाख रुपये का जुर्माना किया जाएगा। इसके अलावा मान्यता की शर्तों का उल्लंघन करने पर 10 हजार रुपये प्रति दिन के हिसाब से जुर्माना वसूल किया जाएगा।
सह जिला विद्यालय निरीक्षक अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि स्कूलों की जांच के लिए सभी ब्लॉकों के राजकीय हाईस्कूल व इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रिंसिपल नोडल अधिकारी होंगे। नोडल अधिकारियों को स्कूलों की जांच करके एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट देनी होगी।