सदर तहसील के पयागपट्टी में बुलडोजर से गिराया गया टिन शेड। स्रोत- सूचना विभाग
सुल्तानपुर। नायब तहसीलदार और दो लेखपालों पर हमले के बाद प्रशासन ने अवैध खनन पर कार्रवाई की है। जांच में ग्राम पंचायत की जमीन खोदकर मिट्टी बेचे जाने की पुष्टि हुई। बुधवार को बंजर भूमि पर बने अवैध टिन शेड को बुलडोजर से ढहा दिया गया।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर एसडीएम गरिमा सिंह ने इमिलियाकला में राजस्व टीम से खनन स्थल की पैमाइश कराई। पैमाइश में ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध खनन कर मिट्टी निकालने की पुष्टि हुई। आरोपियों ने पयागपट्टी की बंजर भूमि के एक गाटा संख्या पर अतिक्रमण कर टिन शेड बनाया था। टीम ने बुलडोजर की मदद से यह निर्माण ढहा दिया। मौके पर थोड़ी मिट्टी भी समतल कराई गई। जांच में मिट्टी की बिक्री का कारोबार भी सामने आया।
मिट्टी बिक्री और आगे की कार्रवाई
जांच में सामने आया कि छोटे डंपर से मिट्टी 1600 से 1800 रुपये और ट्रैक्टर-ट्रॉली से 800 रुपये में बेची जाती थी। ज्यादातर मिट्टी रात में शहरी क्षेत्र में पहुंचाई जाती थी। दो अन्य गाटों पर अतिक्रमण मिलने पर सुधा सिंह को नोटिस जारी किया गया है। एसडीएम सदर गरिमा सोनकिया ने बताया कि अवैध निर्माण पर कार्रवाई हुई है और जांच जारी है। आगे भी अवैध कब्जों को खाली कराया जाएगा।