लंभुआ (सुल्तानपुर)। तहसील के जमखुरी गांव में बुधवार को मंडलायुक्त अयोध्या गौरव दयाल के सामने ग्रामीणों का दर्द छलक आया। ग्रामीणों ने राजस्व, पशु चिकित्सा, जल जीवन मिशन की समस्याएं उठाईं। मंडलायुक्त ने जलनिगम की टूटी पाइपें ठीक न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
गांव निवासी दयाराम की ओर से हाल ही में चकबंदी पूरी होने के बाद करीब 94 बीघे तालाब की भूमि का चिह्नांकन न किए जाने का मामला उठाने पर मंडलायुक्त ने तुरंत भूमि को चिह्नित करने का निर्देश एसडीएम को दिया। गांव के रुद्रमणि मिश्र ने तालाब खाते की भूमि पर अतिक्रमण, एक ग्रामीण ने लेखपाल, लंभुआ नगर पंचायत के विकासनगर मोहल्ले के शेषमणि मिश्र ने संयुक्त खाते की भूमि पर बगैर सहमति के निर्माण कराए जाने की शिकायत की। इस पर एसडीएम को उचित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
शाहगढ़ पशु चिकित्सालय में किसी चिकित्सक के न आने की शिकायत पर कमिश्नर ने 30 दिन का रोस्टर बनाने का निर्देश दिया। जल जीवन मिशन के तहत खोदे गए खड़ंजा व सड़क को दुरुस्त न कराए जाने व जगह-जगह पाइपें टूटी होने की शिकायत मिलने पर उन्होंने एक्सईएन जलनिगम के पेच कसे।
चौपाल में प्रशासनिक व विकास अधिकारियों की मौजूदगी के बाद पुलिस के अधिकारी नदारद रहे। मंडलायुक्त ने मुरली में निर्माणाधीन फायर स्टेशन का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को जल्द काम पूरा कराने का निर्देश दिया। मीडिया के सवालों पर मंडलायुक्त ने अस्थाई फायर ब्रिगेड स्टेशन फिर संचालित कराने का निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम कुमार हर्ष, सीडीओ अंकुर कौशिक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम व सभागार का लिया जायजा
शहर में मंडलायुक्त गौरव दयाल ने पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम, पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार के कायाकल्प कार्य का जायजा लिया। उन्होंने दोनों कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए। सभागार का कार्य पर्यटन विकास योजना से एक करोड़ 53 लाख में कराया जा रहा है। इसके बाद कलेक्ट्रेट में पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार के साथ कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा की। सीएम डैश बोर्ड की रैंकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। पुलिस महानिरीक्षक ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश पुलिस क्षेत्राधिकारियों को दिए। इस मौके पर अपर आयुक्त प्रशासन अजय कांत सैनी, डीएम कुमार हर्ष व पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह समेत संबंधित मौजूद रहे।