जिले में हो रही भीषण गर्मी से तापमान बढ़ने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को दिन भर हुई चिलचिलाती धूप से अधिकतम तापमान बढ़कर 43.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 21.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा है। विभाग ने शनिवार को भी तापमान बढ़ने की संभावना जताई है।
शुक्रवार को सुबह के समय मौसम साफ रहा और धूप निकल आई। सुबह करीब नौ बजे से ही तेज धूप होने लगी। दोपहर के समय हो रही चिलचिलाती धूप से लोग बेहाल हो गए। दिन भर हुई तेज धूप से अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 43.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
इस दौरान 7.6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही उत्तरी-पछुआ हवा के झोंकों से लोगों को आवागमन में खासी परेशानी उठानी पड़ी। मौसम विभाग ने शनिवार को भी मौसम साफ रहने और तेज धूप की संभावना जताई है।