पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में विजेता व उप विजेता टीम के साथ अतिथि। संवाद
सुल्तानपुर। पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मंडलीय माध्यमिक विद्यालय छात्र-छात्रा फुटबॉल प्रतियोगिता में जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। एमजीएस इंटर कॉलेज की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में सुल्तानपुर सहित अयोध्या, अंबेडकरनगर और बाराबंकी की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुल 18 खिलाड़ियों का चयन प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
छात्र वर्ग में सुल्तानपुर का पहला मुकाबला अयोध्या से हुआ। 30-30 मिनट के इस रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। पांच-पांच पेनाल्टी शूटआउट में भी स्कोर बराबर रहा। इसके बाद सडन डेथ में सुल्तानपुर के अभिषेक गुप्ता ने निर्णायक गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। फाइनल में सुल्तानपुर का सामना अंबेडकरनगर से हुआ। विकास और शिव कुमार के एक-एक गोल की बदौलत सुल्तानपुर ने अंबेडकरनगर को 2-1 से हराकर खिताब जीत लिया। अंबेडकरनगर के लिए मो. फैजान ने एक गोल किया।
छात्रा वर्ग में मंडल से केवल सुल्तानपुर की टीम ने प्रतिभाग किया। आपसी मुकाबले और ट्रायल के आधार पर महक, सेजल, खुशी, मुस्कान, पायल, आंचल, दरखशा, राधिका, आंचल माली, लक्ष्मीपाल, आराधना और आकांक्षा का चयन प्रदेश स्तर के लिए किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह और सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव ने खिलाड़ियों को बधाई दी। आयोजक राजेश कुमार कनौजिया ने प्रतियोगिता संपन्न कराई। रेफरी आशुतोष गुप्ता, नवनीत गौतम और अर्थव रहे।
30 अगस्त से बलिया में मुकाबला
चयनित 18 खिलाड़ी 30 अगस्त से तीन सितंबर तक बलिया में होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। समापन पर एमजीएस के प्रधानाचार्य महेश कुमार सिंह, दिलीप सिंह और क्रीड़ाधिकारी राजेश कुमार सोनकर ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया।