होमगार्ड के जवानों ने नियमितीकरण, जिला कमांडेंट के स्थानांतरण समेत अन्य मांगों को लेकर बुधवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद होमगार्ड के जवानों ने नगर विधायक व जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया।
उत्तर प्रदेश होमगार्ड अवैतनिक अधिकारी व कर्मचारी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष फिरोज अहमद के नेतृत्व में जुलूस की शक्ल में होमगार्ड जवान प्रदर्शन करते हुए नगर विधायक अनूप संडा के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में होमगार्डों ने मांग की कि 1993 में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने उन्हें नियमित किए जाने का वादा किया था लेकिन अभी तक उसे पूरा नहीं किया गया।
इसके अलावा होमगार्ड जिला कमांडेंट पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। होमगार्डोें ने कहा कि तत्काल उनका स्थानांतरण किया जाय। इस मौके पर मनोज कुमार यादव, रामतीरथ प्रजापति, संतोष कुमार यादव, कर्मराज द्विवेदी, अरुण कुमार गुप्त समेत कई होमगार्ड मौजूद रहे।