सुल्तानपुर। कलेक्ट्रेट में बुधवार दोपहर कोतवाली देहात के मलिकपुर अहिरौली निवासी होमगार्ड शिवमूर्ति यादव (50) बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि शिवमूर्ति की ड्यूटी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में थी।
बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे वह पुलिस अधीक्षक के वाचक कार्यालय से डाक लेकर कलेक्ट्रेट स्थित असलहा बाबू के कार्यालय के लिए निकले थे। कलेक्ट्रेट में असलहा बाबू के कार्यालय से बाहर वे बेहोश होकर गिर पड़े। कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों और साथी होमगार्ड जवानों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। उनकी मौत पर होमगार्डों ने शोक जताया है।
कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय ने बताया कि मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति पता चलेगी। होमगार्ड विभाग के एटूडीसी सैयद हुसैन अब्बास ने घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि विभागीय स्तर पर परिजनों की हर संभव सहायता की जाएगी। ड्यूटी के दौरान शिवमूर्ति की मौत से उनके परिवार के लोग भी गमजदा हैं।