सुल्तानपुर। विदेशी हमले की आशंका में नागरिकों एवं विभागीय अधिकारियों को सतर्कता बरतने का अभ्यास 23 जनवरी को कराया जाएगा। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर मॉक ड्रिल व ब्लैकआउट होगा।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) गौरव शुक्ला की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों से हुई बैठक में तैयारियों पर चर्चा हुई। शासन के निर्देश पर नेताजी की जयंती पर नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल व ब्लैकआउट अभ्यास कार्यक्रम पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में शाम को आयोजित किया गया है।
शाम 6 बजे हवाई हमले की चेतावनी से संबंधित सायरन बजेगा। इसके बाद शहर में ब्लैकआउट होगा। लोगों को अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और सरकारी भवनों की लाइटें बंद रखने, वाहनों की हेडलाइट्स बुझाने व अनावश्यक आवागमन से बचने के लिए जागरूक किया जाएगा। अभ्यास में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक, जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, डीडीएमए, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी हिस्सा लेंगे।
टीमें आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का पूर्वाभ्यास करेंगी। मॉक ड्रिल के दौरान घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, प्राथमिक उपचार देने, आग पर काबू पाने, खोज एवं बचाव कार्य का प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रीती जैन, एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी, पुलिस, अग्निशमन, विद्युत निगम, विकास, परिवहन, नगर निकाय, पूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।