कूरेभार। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें, चौराहों पर फंसे राहगीर और निकलने की जगह तलाशते वाहन चालक। मंगलवार को कूरेभार बाजार में यातायात व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी नजर आई। हालात यह रहे कि ब्लॉक गेट से कूरेभार कस्बे तक करीब 300 मीटर की दूरी तय करने में एक घंटे लग गए। सहालग और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के चलते अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह 10 बजे से ही वाहनों की रफ्तार थमने लगी। कटका, लोहरामऊ बाईपास, गुप्तारगंज और पयागीपुर बाजार में भी जाम लगा रहा। शाम को कूरेभार चौराहे पर करीब दो घंटे तक वाहन फंसे रहे। जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मियों को सड़क पर उतरकर मशक्कत करनी पड़ी।
अयोध्या में कार्तिक पूर्णिमा मेले के मद्देनजर भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया था। इसके बावजूद कूरेभार में जाम से राहत नहीं मिली। हाईवे से सेमरी और हलियापुर मार्ग की ओर मुड़ने वाले वाहन चौराहे पर उलझते रहे। दोनों संपर्क मार्गों पर दुकानों के आगे तक फैले सामान ने भी परेशानी बढ़ाई। शाम को बाजार में ग्राहकों की भीड़ जुटने से सड़क पर वाहनों के निकलने की जगह और कम हो गई।
अयोध्या जा रहे प्रयागराज के शिवा शर्मा ने बताया कि वह शाम छह से साढ़े सात बजे तक कूरेभार में जाम में फंसे रहे। वहीं, कोहंडौर प्रतापगढ़ के शिवम अग्रहरि परिवार के साथ चौरेबाजार जा रहे थे। उन्होंने बताया कि शाम सवा पांच बजे लोहरामऊ बाईपास पहुंचने के बाद चौरेबाजार जाने में ढाई घंटे लग गए, जबकि सामान्य दिनों में यह दूरी 45 मिनट में तय हो जाती है।
संपर्क मार्गों पर अतिक्रमण बना जाम की वजह
हाईवे से सटे बाजार और संपर्क मार्गों पर अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं। पटरी दुकानदारों ने सड़क तक दुकानें फैला रखी हैं। शाम को ग्राहकों की भीड़ बढ़ने से वाहनों के निकलने का रास्ता और मुश्किल हो जाता है। चौराहे पर सेमरी और हलियापुर मार्ग की ओर मुड़ने वाले वाहनों का एक साथ दबाव भी जाम बढ़ा रहा है।
प्रभारी थानाध्यक्ष कूरेभार भरत सिंह ने बताया कि चौराहे पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि हाईवे पर पेट्रोलिंग टीम को सतर्क किया गया है। भारी वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते डायवर्ट किया गया है।
शहर और अमहट में भी दिनभर रेंगते रहे वाहन
सुल्तानपुर। सहालग की भीड़ का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। अमहट चौराहे पर दिनभर रुक-रुककर जाम लगता रहा। गभड़िया और कुड़वार नाका ओवरब्रिज, मेडिकल कॉलेज तिराहा, बाधमंडी, राहुल चौराहा और नॉर्मल चौराहे पर भी वाहनों की कतारें लगी रहीं। शाम को भीड़ बढ़ने के साथ जाम की स्थिति और गंभीर हो गई।