जिले में मंगलवार को दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। भारी बरसात से चारो तरफ पानी ही पानी हो गया है। बारिश से करीब घंटे भर ट्रैफिक बाधित रहा है। खेतों में लबालब पानी भर जाने से किसानों ने धान की रोपाई में तेजी ला दी है।
शहर समेत ग्रामीण इलाकों में बारिश का पानी इकट्ठा हो जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात से तापमान में गिरावट आ गई है और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिल गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 31.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मंगलवार को सुबह के समय से ही आसमान में बादल छाए रहे। आसमान में छाए बादलों से सुबह सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। दोपहर बाद मौसम का मिजाज एकाएक बदल गया और झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब घंटे भर तेज बारिश होने से चारों तरफ पानी ही पानी नजर आने लगा। बरसात के दौरान लोग जगह-जगह इकट्ठा रहे। बारिश से खेतों में लबालब पानी भर गया है।