रविवार को धूप से बचने के लिए गमछा ओढ़कर बाइक से जाते लोग। -संवाद
सुल्तानपुर। भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री रहा। दोपहर में तीन किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवा ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। सुबह कुछ देर बाजारों और सड़कों पर हलचल दिखाई दी, लेकिन दिन चढ़ते ही प्रमुख मार्गों पर सन्नाटा पसर गया।
लखनऊ-वाराणसी हाईवे सहित शहर के कई इलाकों में दोपहर के समय लोगों की आवाजाही बेहद कम रही। तेज धूप और लू के थपेड़ों से बचने के लिए लोग जरूरी काम सुबह जल्दी या देर शाम तक टालते नजर आए। उमस भरी रातों ने भी लोगों की दिनचर्या और नींद प्रभावित की है।
भीषण गर्मी का असर बाजारों में भी साफ दिखाई दे रहा है। कपड़ा बाजार और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में ग्राहकों की संख्या कम रही। वहीं, गमछा, धूप का चश्मा और टोपी की बिक्री अचानक बढ़ गई है। दुकानदार विपिन सोनी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में इन सामानों की मांग दोगुनी हो गई है।
दुकानदार राहुल पाल के अनुसार प्रतिदिन 10-15 धूप के चश्मे बिक रहे हैं। रिक्शा चालक, मजदूर, डिलीवरी ब्वॉय और बाइक सवार धूप से बचाव के लिए इन वस्तुओं का सहारा ले रहे हैं।
मौसम पर्यवेक्षक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि आगामी 24 घंटे में मौसम शुष्क बने रहने, ज्यादातर स्थानों पर लू चलने, हवा सामान्य गति से पश्चिमी चलने और औसत तापमान सामान्य से दो-तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। उन्होंने लोगों को दोपहर में घर से कम निकलने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।