भीषण गर्मी का प्रकोप सेहत पर भी दिखने लगा है। जिले में उल्टी-दस्त, पेट दर्द व बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। सिर्फ जिला अस्पताल में गर्मी जनित मरीजों की संख्या सैकड़ा से ऊपर पहुंच गई है। मरीजों में बच्चे अधिक हैं।
जिले में पड़ रही भीषण गर्मी से डायरिया, उल्टी, पेट दर्द व बुखार से पीड़ितों की संख्या में इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों में अधिकांश गर्मी जनित रोगों से पीड़ित हैं। इमरजेंसी से लेकर बाल रोग की ओपीडी में सर्वाधिक मरीज डायरिया व अन्य बीमारियों के हैं। जिला अस्पताल के ओपीडी के आंकड़ों के मुताबिक गर्मी बढ़ने के बाद प्रतिदिन करीब 150 मरीज दवा कराने आ रहे हैं।
इनमें गर्मी जनित रोगों से पीड़ितों की संख्या 100 से अधिक है। डायरिया, उल्टी, पेट दर्द व बुखार से पीड़ित लोगों में बच्चों की संख्या अधिक है। बाल रोग वार्ड में भर्ती किए गए डायरिया व बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या 30 से अधिक है।