सुल्तानपुर। महिला आरक्षी के साथ दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी इंस्पेक्टर की निगरानी अर्जी पर शुक्रवार को सुनवाई हुई। जिला जज जय प्रकाश पांडेय ने दोनों पक्षों की सुनवाई करने के बाद आदेश सुनाने के लिए पांच जून की तिथि नियत की है।
जिले में तैनात एक महिला आरक्षी ने 14 जुलाई 2022 को इंस्पेक्टर नीशू तोमर के खिलाफ कोतवाली नगर में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। आरक्षी का आरोप है कि हलियापुर थाने में तैनात रहने के दौरान तत्कालीन एसओ नीशू तोमर ने उसके साथ दुष्कर्म किया था।
मामले की विवेचना पूरी कर सीओ सिटी ने दुष्कर्म का मामला हटाकर केवल गाली व धमकी देने के आरोप में आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया था। आरोप पत्र पर आरक्षी ने विरोध किया था। जिस पर आठ अप्रैल को तत्कालीन सीजेएम बटेश्वर कुमार ने इंस्पेक्टर नीशू तोमर को दुष्कर्म के आरोप में तलब करने का आदेश दिया था।
इस आदेश को आरोपी इंस्पेक्टर ने जिला जज की अदालत में निगरानी अर्जी दाखिल कर चुनौती दी है। शुक्रवार को जिला जज जय प्रकाश पांडेय की अदालत में दाेनों पक्षों ने दलीलें पेश कीं। जिला जज ने दाेनों पक्षों की बहस सुनने के बाद आदेश के लिए पांच जून की तिथि नियत कर दी है।