सुल्तानपुर। गृहमंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व रायबरेली सांसद राहुल गांधी के खिलाफ चल रहे मानहानि केस में सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। वकीलों के कार्य बहिष्कार के कारण एमपी-एमएलए की विशेष अदालत में सुनवाई टल गई। विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने अगली सुनवाई के लिए 16 सितंबर की तारीख तय की है।
परिवादी भाजपा नेता विजय मिश्र के अधिवक्ता ने बताया कि मामले में वॉयस सैंपल का विधि विज्ञान प्रयोगशाला से मिलान कराने की अर्जी पहले ही ट्रायल कोर्ट और सेशन कोर्ट से खारिज हो चुकी है। इन आदेशों को चुनौती देने वाली विजय मिश्र की याचिका भी हाईकोर्ट खारिज कर चुका है। पिछली तीन सितंबर की सुनवाई में शिकायतकर्ता के अधिवक्ता ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल होने की जानकारी कोर्ट को दी थी। भाजपा नेता विजय मिश्र के अधिवक्ता ने हाईकोर्ट में एक सितंबर को दाखिल याचिका की स्टेटस रिपोर्ट भी ट्रायल कोर्ट में पेश की थी। राहुल गांधी पर वर्ष 2018 में बेंगलुरु में भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है।