सुल्तानपुर। कल्यानपुर गोलीकांड में बीज निगम के पूर्व चेयरमैन राणा अजीत प्रताप सिंह के साथ आरोपी बने चार लोगों की तरफ से पेश की गई जमानत अर्जी पर बुधवार को सुनवाई बाधित रही। इस मामले में जेल गए आरोपी हेमचंद्र गौतम व नितिन तिवारी की तरफ से मौका अर्जी पेश की गई। जिला जज सुनील कुमार की अदालत ने दोनों आरोपियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए 18 अप्रैल की तारीख तय की है। अदालत ने सह आरोपी हलचल तिवारी व अरुण सिंह की जमानत पर सुनवाई के लिए 20 अप्रैल की तारीख तय की है।
अखंडनगर थाने के कल्यानपुर निवासी जिलाजीत यादव ने 15 मार्च की सुबह नौ बजे की घटना बताते हुए स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप के मुताबिक, जमीन के विवाद में स्थानीय थाने के रतनपुर मैरवा निवासी बीज निगम के पूर्व चेयरमैन राणा अजीत प्रताप सिंह, उनके पुत्र अभिजीत सिंह सहित अन्य नामजद व उनके अज्ञात साथियों ने जान से मार डालने की नीयत से हमला किया था। घटना में वादी पक्ष के करीब छह लोग घायल हो गए थे।