सुल्तानपुर। चिकित्सक घनश्याम तिवारी हत्याकांड के मामले में जेल में बंद मुख्य आरोपी के चचेरे भाई की जमानत अर्जी बृहस्पतिवार को जिला जज जय प्रकाश पांडेय की कोर्ट में दाखिल की गई। जज ने सुनवाई के लिए चार नवंबर की तिथि नियत की है।
लंभुआ थाने के सखौली कला गांव निवासी डॉ. घनश्याम तिवारी जयसिंहपुर सीएचसी पर संविदा पर चिकित्सक थे। बीते 23 सितंबर को कोतवाली नगर के नरायनपुर गांव में बेरहमी से पीटकर उनकी हत्या कर दी गई थी। चिकित्सक की पत्नी निशा ने नरायनपुर गांव के अजय नरायन सिंह व दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कि मुख्य आरोपी अजय नरायन सिंह के पिता जगदीश नरायन सिंह, चचेरे भाई विजय नरायन सिंह व ड्राइवर दीपक सिंह की हत्याकांड में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उन्हें आरोपी बनाया है। चारों आरोपी जेल में बंद हैं। पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। बृहस्पतिवार को आरोपी विजय नरायन सिंह की जमानत अर्जी अधिवक्ता अरविंद सिंह राजा ने जिला जज की कोर्ट में दाखिल की। जिला जज ने सुनवाई के लिए चार नवंबर की तिथि नियत करते हुए आरोपी की क्रिमिनल हिस्ट्री व अन्य अभिलेख पुलिस से तलब किए हैं।