सुल्तानपुर। शहर से सटे केएआईपीएसएस के पास मुख्य मार्ग पर बृहस्पतिवार को निजी बस ने स्कूटी सवार को रौंद दिया। दुर्घटना में स्कूटी चला रहे अधेड़ की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
गोसाईंगंज थानाक्षेत्र के माधवपुर छतौना गांव निवासी राज बहादुर सिंह (50) बृहस्पतिवार को गांव के ही विष्णु शुक्ल (27) के साथ स्कूटी से जिला मुख्यालय आए थे।
शहर से राज बहादुर स्कूटी से विष्णु के साथ गांव के लिए निकले थे। रास्ते में केएनआईपीएसएस के पास पीछे से जा रही तेज रफ्तार बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में राज बहादुर की मौके पर मौत हो गई, जबकि विष्णु गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि रोज सवारी भरने वाली निजी बस से दुर्घटना हुई है। यह बस गोलाघाट से रोज सवारी भरकर निकलती है। बस अनफिट भी है।