सुल्तानपुर। दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहे मामले में चार्ज पर सुनवाई के लिए मंगलवार को तारीख नियत रही। फिलहाल इस मामले में पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती हाजिर नहीं हुए। इस पर विशेष लोक अभियोजक ने आपत्ति जताते हुए कठोर कार्यवाही अपनाने की मांग की। स्पेशल मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 10 अप्रैल की तारीख तय की है।
अमेठी जनपद के जगदीशपुर थाने के हरपालपुर गांव के रहने वाले शोभनाथ साहू ने नौ जनवरी 2021 की घटना बताते हुए आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती के खिलाफ विवादित टिप्पणी के आरोप में स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले का विचारण एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट की अदालत में चल रहा है। इस मामले में आरोप बनाने के बिंदु पर कई पेशियों से कार्यवाही बाधित चल रही है। (संवाद)