सुल्तानपुर। ट्रेनों के निरस्त रहने व नो रूम होने के कारण रविवार को लोगों का सफर मुश्किल भरा रहा। साकेत एक्सप्रेस सहित चार ट्रेनों में नो रूम होने के चलते लोगों ने जनरल टिकट लेकर यात्रा की। अंबाला कैंट से बरौनी जाने वाली गाड़ी संख्या 14524 हरिहर एक्सप्रेस रविवार को निरस्त रही।
वहीं सुल्तानपुर से मुंबई लोकमान्य तिलक जाने वाली गाड़ी संख्या 22184 साकेत एक्सप्रेस, वाराणसी से जम्मूतवी गाड़ी संख्या 12237 बेगमपुरा एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 14013 सुल्तानपुर से आनंद विहार सद्भावना एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12391 श्रमजीवी एक्सप्रेस में नो रूम है।
गाजीपुर से आनंद विहार जाने वाली गाड़ी संख्या 22419 सुहेलदेव एक्सप्रेस में वेटिंग 293, सुल्तानपुर से अहमदाबाद जाने वाली गाड़ी संख्या 20940 में वेटिंग 321 है। हावड़ा रूट की कुंभ एक्सप्रेस में वेटिंग 23 रही।
सामान्य श्रेणी में सिर्फ लंबी वेटिंग का टिकट मिल रहा है। आरक्षण केंद्र पर तत्काल टिकट लेने आए लोगों को रविवार को एक भी कंफर्म टिकट नहीं मिल सका जबकि 50 से अधिक लोगाें ने एसी व स्लीपर के लिए फाॅर्म लिया था। आरक्षण केंद्र के लिपिक मो़ रहीम ने बताया कि सिर्फ कैंसर कोटे की दो सीटें बची हैं, बाकी तत्काल व सामान्य श्रेणी टिकट में सिर्फ वेटिंग मिल रही है।
अहमदाबाद रूट की ट्रेन में लंबी वेटिंग
मुंबई की सभी ट्रेनों में नो रूम है। अहमदाबाद रूट की ट्रेन में लंबी वेटिंग है जबकि नई दिल्ली रूट पर वेटिंग 100 के ऊपर है। रविवार को तत्काल श्रेणी में एक भी कन्फर्म टिकट नहीं बन सका। साकेत एक्सप्रेस में बृहस्पतिवार को लंबी वेटिंग है।
-शेर मोहम्मद, सीआरएस, रेलवे स्टेशन सुल्तानपुर