कादीपुर (सुल्तानपुर)। कोतवाली क्षेत्र कादीपुर के लखनऊ-बलिया हाईवे पर कटघरा मुतुरवाही गांव के पास रविवार सुबह बेकाबू कार ने ई-रिक्शा व बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद सड़क पर खड़े युवक को रौंद दिया। ई-रिक्शा पर बैठे तीन व बाइक सवार एक गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मृतक के परिजनों ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया।
कटघरा मुतुरवाही गांव के पास कादीपुर की ओर से जिला मुख्यालय की ओर जा रही कार अचानक बेकाबू हो गई। तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा व बाइक सवार को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खड़े एक अधेड़ को भी रौंद दिया। उसकी शिनाख्त कटघरा मुतुरवाही गांव निवासी सुभाष (45) के रूप में हुई।
बाइक पर सवार कोतवाली क्षेत्र के बाछापारा गांव निवासी दरगाही (50) व ई-रिक्शा पर सवार सूरज यादव (25) निवासी जंगलिया थाना मोतिगरपुर, कोतवाली कादीपुर के शेखपुर गांव निवासी हरिओम यादव (45) व राईबीगो गांव निवासी कामिनी वर्मा (21) गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायलों को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद कार चालक फरार हो गया। मृतक सुभाष के पिता बलिकरन की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।