सुल्तानपुर। मेडिकल कॉलेज के निर्माण में लगी कंपनी बेहद धीमी गति से काम कर रही है। निरीक्षण पर पहुंचे विशेष सचिव चिकित्सा शिक्षा यह देखकर बेहद नाराज हुए। उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर को फटकार लगाते हुए काम में तेजी लाने की हिदायत दी। कहा कि छह माह में पूरा मेडिकल कॉलेज हैंडओवर हो जाना चाहिए।
विशेष सचिव चिकित्सा शिक्षा रामयज्ञ मिश्र बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के लिए आए। उन्होंने निर्माण कार्य देखा तो खासी नाराजगी जताई। कहा कि इस बार हर हाल में एमबीबीएस की कक्षाएं और नर्सिंग कॉलेज नए सत्र में आरंभ होना है। इसलिए निर्माण में तेजी लाकर हर हाल में छह माह के भीतर मेडिकल कॉलेज हैंडओवर किया जाए। इस दौरान जब उन्होंने गुणवत्ता की जांच कराने के लिए डीपीआर मांगी तो वह मौके पर नहीं पाई गई। इस पर भी उन्होंने कार्यदायी कंपनी को डांट लगाई।
मेडिकल कॉलेज के अस्पताल परिसर में गंदगी पाए जाने पर उन्होंने सफाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही ओपीडी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें आर्थो कक्ष और पैथोलॉजी में डॉक्टर नहीं मिले। उन्होंने प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव से कहा कि दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए।
निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि इस समय अस्पताल में मरीजों पर लोड बहुत है। सीएचसी व पीएचसी से सामान्य मरीज भी रेफर किए जा रहे हैं। इसके लिए सीएमओ से बात की गई है।
प्रशासन-पालिका को हटाना चाहिए अतिक्रमण
मेडिकल कॉलेज में दिन भर लगने वाले जाम के बारे में उन्होंने कहा कि कॉलेज के गेट पर बहुत ज्यादा अतिक्रमण है, गेट को चौड़ा करने की जरूरत है। इसके लिए प्रशासन और नगर पालिका को अतिक्रमण हटाना चाहिए।