सुल्तानपुर। परिषदीय स्कूलों में अर्धवार्षिक परीक्षाएं 17 से 21 नवंबर तक नए प्रारूप पर आयोजित होंगी। इस बार कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों को 50 अंकों की लिखित परीक्षा देनी होगी। कक्षा दो से पांच तक लिखित और मौखिक दोनों तरह से मूल्यांकन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए यह कार्यक्रम जारी किया है। जिले के 2061 परिषदीय विद्यालयों के करीब दो लाख विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। परीक्षाएं दो पालियों में होंगी, पहली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक। कक्षा एक की परीक्षा केवल मौखिक होगी। कक्षा दो और तीन में लिखित व मौखिक परीक्षा का अधिभार 50-50 फीसदी रहेगा। वहीं, कक्षा चार और पांच में लिखित परीक्षा 70 फीसदी और मौखिक परीक्षा 30 फीसदी अंकों की होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने बताया कि प्रश्नपत्र जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के आदर्श प्रश्नपत्रों के आधार पर बनेंगे।
अभिभावकों को दिखाई जाएंगी उत्तर पुस्तिकाएं
परीक्षाफल घोषित होने के दिन विद्यालयों में अभिभावक बैठक होगी। इसमें छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाएं दिखाई जाएंगी। साथ ही विद्यार्थियों को परिणाम पत्र भी दिए जाएंगे। इससे अभिभावक बच्चों की विषयवार तैयारी, गलतियों और पढ़ाई में सुधार की जरूरत को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। यह पहल बच्चों के प्रदर्शन का आकलन करने में सहायक होगी।