सुल्तानपुर। शहर की पंजाबी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारे में सोमवार को सिखों के छठवें गुरु मीरी पीरी के मालिक हरगोविंद साहिब का प्रकाशोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। गुरुद्वारा में सबद-कीर्तन गायन भी किया गया। इसके बाद लोगों ने लंगर भी छका।
गुरद्वारा श्रीगुरु सिंह सभा की ओर से हरगोविंद साहिब का प्रकाश उत्सव मनाया गया। श्री अखंड पाठ साहिब के समापन पर ज्ञानी नवजोत सिंह की टीम की ओर से सबद-कीर्तन का गायन किया गया। गुरुद्वारा परिसर में सिंधी परिवार की ओर से बनवाए गए कक्ष का उद्घाटन उप जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश पाठक ने किया।
वक्ताओं ने गुरु की जीवनी पर अपने विचार व्यक्त किए। अंत में अरदास के बाद गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया। इस मौके पर विभाग संघ चालक डॉ. रमाशंकर मिश्र, सरदार बलदेव सिंह, सरदार महेंद्र पाल सिंह, परमजीत सिंह, दलजीत सिंह, तेजिंदर सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन गुरुद्वारा के महासचिव सुदीप पाल सिंह ने किया।