सुल्तानपुर। करीब एक पखवाड़े से बंद जिले के एकमात्र गन हाउस की दुकान का मामला सुर्खियों में आने के बाद बुधवार से गन हाउस का संचालन शुरू हो गया। प्रशासन के निर्देश पर गन हाउस की दुकान बुधवार को खोली गई। एक पखवाड़े से अपना असलहा मिलने के इंतजार में दौड़ लगा रहे करीब 12 लाइसेंसधारियों ने अपने शस्त्र लिए।
कोतवाली नगर क्षेत्र के जिला पंचायत गेट के बगल स्थित एक गन हाउस की दुकान संचालक के बेटे के जेल जाने के बाद करीब एक पखवाड़े से बंद चल रही थी। इसकी वजह से दुकान में चुनाव के दौरान अपना असलहा जमा करने वाले लाइसेेंसधारियों को चुनाव के बाद रोज भटकना पड़ रहा था। दर्जनों लाइसेंसधारी रोज लौट रहे थे। सोमवार को डीएम के सामने मामला पहुंचने पर अमर उजाला ने उसे बुधवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया।
इसके बाद डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौरव शुक्ल ने एसडीएम सदर को निर्देशित करते हुए दुकान को खोलवाया। दुकान का संचालन सुबह से शुरू होेने के बाद दिनभर में एक दर्जन से अधिक लाइसेंसधारी अपना असलहा ले गए। बताया जा रहा है कि गन हाउस में चुनाव के दौरान करीब 350 असलहे जमा किए गए थे। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि दुकान का संचालन शुरू करवा दिया गया है। सभी लोग अपने असलहा ले सकते हैं।