कमरौली। कठौरा मौजा स्थित लाल पुरवा गांव में पिछले 10 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। बार-बार केबल जलने से 36 से अधिक घरों की बिजली गुल है। लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान न होने से नाराज ग्रामीण रविवार को औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर स्थित बिजली उपकेंद्र पहुंचे और विरोध जताया। दबाव के बाद कर्मचारियों को गांव भेजा गया।
ग्रामीण कय्यूम, शकील, अकबर अली, हारुन और जुनैद ने बताया कि इस गर्मी और उमस में जीना मुश्किल हो गया है। हर बार सामान्य केबल लगाकर आपूर्ति बहाल की जाती है, लेकिन लोड अधिक होने के कारण कुछ ही घंटों में केबल जल जाती है। इस वजह से बिजली आपूर्ति बार-बार ठप हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं होना ऊर्जा निगम की लापरवाही है। गांव में अंधेरे और बिजली कटौती की समस्या से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं घरेलू कार्यों में भी दिक्कतें बढ़ गई हैं।
लोग रात में पंखों और रोशनी के अभाव में जागकर समय काट रहे हैं। इस दौरान कई लोग मजबूर होकर डीजल जनरेटर और बैटरी का सहारा ले रहे हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद अधिकारियों ने गंभीरता दिखाते हुए मरम्मत कार्य शुरू कराया। रविवार को केबल बदलने का काम शुरू कर दिया गया।
अवर अभियंता महोना पश्चिम मनोज विंद ने बताया कि पहले जो सामान्य केबल लगाई जा रही थी, वह अधिक लोड में टिक नहीं पा रही थी। अब उसकी जगह आर्मेचर केबल लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति नियमित कर दी जाएगी और समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।