सुल्तानपुर। विकास भवन के प्रेरणा सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया। पूर्वाह्न 11 बजे से हुई बैठक में किसानों को कृषि सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याएं सुनी गईं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उप कृषि निदेशक सुरेंद्र प्रताप सिंह और जिला कृषि अधिकारी राजपति शुक्ल को किसानों की बैठक बुलाकर आंवला, मत्स्य पालन, डेयरी आदि क्षेत्रों को बढ़ावा देने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे जिले में ‘एक जिला, एक उत्पाद’ को बढ़ावा मिल सके। कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. एसपी मिश्र ने कृषि की समसामयिक जानकारी दी। डिप्टी सीवीओ डॉ. पीके शर्मा ने पशु बीमा व विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में विद्युत, सिंचाई, उद्यान, मत्स्य, नलकूप, भूमि संरक्षण और बैंक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।