सुल्तानपुर। जिले के 18 थानों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन हुआ। लोगों की फरियाद सुनी गई और उसके निस्तारण के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी और एसपी भी समाधान दिवस में फरियादियों से बातचीत की। सभी जगहों पर लेखपालों के प्रदर्शन के चलते जमीन संबंधी मामले नहीं सुलझ सके।
केस- एक
चकमार्ग की पैमाइश न होने की शिकायत
कुड़वार। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने थाना समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। कस्बा निवासी सोनू ने रास्ते के संबंध में शिकायत पत्र दिया। राजापुर निवासी रेखा मिश्रा ने जमीन संबंधी अपनी समस्या अधिकारियों को बताई। जिलाधिकारी ने प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार और राजस्व निरीक्षक से निस्तारण के लिए कहा। प्रतापपुर प्रथम निवासी कपिल देव सिंह ने चकमार्ग की पैमाइश न होने की शिकायत की। पूरे शिवदयाल गजेहड़ी निवासी संजीव मिश्रा और मो. शमीम के भूमि विवाद का मौके पर निस्तारण किया गया। लेखपालों के विरोध के बावजूद राजस्व निरीक्षक ने भूमि संबंधित मामलों को सुना।
केस- 2
लेखपालों का थाना दिवस बहिष्कार
अखंडनगर। थाने में लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर थाना दिवस का बहिष्कार किया। उन्होंने अपनी आठ सूत्री मांगों को लेकर कार्य न करने की बात कही। इसके साथ ही, पटल सहायक को कार्यालय से मुक्त करने और लेखपाल 2024 बैच का एक वर्ष से लंबित परिणाम शीघ्र जारी करने की भी मांग की गई। थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि थाना दिवस पर पांच शिकायतें आईं थीं। इनमें से दो थाने से संबंधित थीं जिनका निस्तारण किया गया, जबकि तीन राजस्व संबंधित होने के कारण निस्तारित नहीं हो पाईं।
.
केस- 3
जमीन विवाद के तीन मामले, निस्तारण शून्य
धम्मौर। थाना समाधान दिवस में जमीन विवाद से जुड़े तीन मामले पहुंचे। किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। कुतुबपुर निवासी रामकुमार कोरी, रामपुर निवासी रामसुंदर और करमपुर परवरभार निवासी सुरेंद्र बहादुर सिंह ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं। ये सभी मामले राजस्व विभाग से संबंधित थे। इन शिकायतों पर कोई तत्काल कार्रवाई या समाधान नहीं हो पाया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक विपेंद्र कुमार वर्मा भी मौजूद थे। उनके साथ राजस्व निरीक्षक वासुदेव तिवारी और लेखपाल अनिल कुमार विश्वकर्मा, हरिकेश कुमार व कृष्ण कुमार पाल सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। संवाद