सुल्तानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायतें कम और ज्यादा नहीं होंगी। पूर्व के चुनाव के आधार पर ही इस बार भी पंचायतों का निर्वाचन 14 विकास खंडों के 979 ग्राम पंचायतों में होगा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पंचायतीराज विभाग ब्योरा भेजा जा रहा है।
पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। इसको देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकायों के बनने से उसमें शामिल की गईं ग्राम पंचायतों को पंचायती चुनाव से हटाते हुए रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। इस पर डीपीआरओ अभिषेक शुक्ल ने सभी एडीओ पंचायतों से रिपोर्ट मांगी थी। ब्लॉकों से आई रिपोर्ट में पूर्व के चुनाव के बाद नगर निकाय में कोई ग्राम पंचायत शामिल नहीं किए जानेे की जानकारी मिली है।
किसी क्षेत्र पंचायत के हिस्से में भी कटौती नहीं की गई है और न ही नई क्षेत्र पंचायत का गठन किया गया है। जिला पंचायतराज अधिकारी अभिषेक शुक्ल ने बताया कि जिले की ग्राम पंचायतों में कोई परिवर्तन नहीं होगा। पूर्व के चुनाव के आधार पर ही 979 ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा। ब्लॉकों में भी कोई परिवर्तन नहीं होगा।