कुड़वार के मिठनेपुर स्थित राशन की दुकान पर पसरा सन्नाटा। स्रोत- ग्रामीण
सुल्तानपुर। जिले में अप्रैल माह के राशन वितरण पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। सोमवार से वितरण शुरू होना है, लेकिन रविवार तक अधिकांश उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) की दुकानों पर गोदामों से गेहूं व चावल नहीं पहुंच सका।
जिले में कुल 1084 सरकारी राशन की दुकानें संचालित हैं, जिनसे 4,58,299 कार्डधारकों को खाद्यान्न वितरित किया जाता है। पूर्ति विभाग के अनुसार, सोमवार से वितरण शुरू होकर 20 अप्रैल तक चलेगा। कोटेदारों का कहना है कि वितरण तिथि से एक-दो दिन पहले ही गोदामों से ट्रकों के जरिये राशन दुकानों तक पहुंचा दिया जाता था।
इससे स्टॉक का मिलान व वजन आदि की प्रक्रिया समय से पूरी हो जाती है, लेकिन इस बार रविवार तक कई दुकानों पर राशन नहीं पहुंच सका, जिससे तैयारियां अधूरी हैं। कुड़वार विकास खंड के इसरौली, धरावां, कुड़वार प्रथम, द्वितीय व तृतीय समेत कई स्थानों पर रविवार को केवल गेहूं पहुंचा। वहीं, कुछ दुकानों पर सिर्फ चावल ही पहुंचाया गया। कोटेदारों का कहना है कि दोनों वस्तुएं एक साथ उपलब्ध होने पर ही वितरण सुचारु रूप से किया जा सकता है। कोटेदारों ने इस समस्या की जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी को देकर जल्द आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
आज सभी दुकानों पर होगा राशन वितरण
जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश कुमार मौर्य ने दावा किया कि सोमवार को सभी दुकानों पर राशन वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। राशन नहीं मिलने पर उपभोक्ता उनके 9120098526 व 9208507500 नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।