सुल्तानपुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री को संबोधित नौ सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में सरकार से व्यापारियों/उद्यमियों के हित में राहत पैकेज का एलान किए जाने की मांग की गई।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी की अगुवाई में डीएम रवीश गुप्ता को दिए ज्ञापन के जरिये कहा गया है कि कोरोना काल में कुछ व्यापारियों को छोड़कर ज्यादातर व्यापारियों/उद्यमियों की कमर टूट गई है। व्यापारियों/उद्यमियों की कैश क्रेडिट लिमिट पर कम से कम छह माह का ब्याज माफ किया जाए।
उद्यमियों का कारोबार दोबारा पटरी पर आ सके, इसके लिए जो उद्यमी आर्थिक सहायता चाहते हैं, उन्हें बिना गारंटी के कम से कम 25 लाख का लोन उपलब्ध कराया जाए। व्यापारियों को उनके परिवारों को कोरोना का टीका लगवाने के लिए मंडियों, बाजारों में वैक्सीनेशन कैंप लगाया जाए। व्यापारियों के लिए पेंशन योजना लागू की गई है लेकिन अभी तक उसकी शुरुआत नहीं हो पाई है।
व्यापारियों के बच्चों से विद्यालयों की ओर से प्रतिवर्ष एडमिशन फीस के रूप में ली जाने वाली भारी भरकम राशि में छूट प्रदान कराई जाए। ज्ञापन देने वालों में जिला प्रभारी अनूप श्रीवास्तव, नगर उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, पान मसाला व किराना व्यापार मंडल अध्यक्ष दानिश एजाज, सिंपल अग्रहरि, राजेंद्र कसौंधन, सत्यनारायण मोदनवाल व शंकरलाल कैलाशी शामिल रहे।