सुल्तानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपनी नजदीकियां गिनाते हुए हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि पीएम कभी मेरे घर तो कभी मैं उनके घर भोजन करने जाता था। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयास से राम मंदिर के लिए 40 वर्ष पहले से शुरू किया गया आंदोलन सफल हुआ है। इसके साथ ही राम मंदिर आंदोलन से जुड़े यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, अशोक सिंघल व बाला साहेब ठाकरे को भारत रत्न देने की मांग केंद्र सरकार से की।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के निमंत्रण पर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अयोध्या जाते समय रविवार की शाम शहर के बढ़ैयावीर मोहल्ले में कार्यकर्ताओं के स्वागत के बाद प्रवीण तोगड़िया प्रेसवार्ता में सवालों के जवाब दे रहे थे।
उन्होंने बताया कि 1984 में राम मंदिर निर्माण के लिए अयोध्या के सरयू नदी में संतों व धर्माचार्यों के बीच हिंदू संगठन ने संकल्प लिया था। तब से अभी तक 12 बार विभिन्न प्रकार के आयोजन मंदिर निर्माण व हिंदुओं को जागरूक करने के लिए किए।
केंद्र सरकार के प्रयास से पूर्व में किया गया आंदोलन सफल हुआ है। सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म किया, अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। अब आगे मथुरा व काशी का सपना पूरा होने के आसार हैं।
उन्होंने कहा कि जब राम मंदिर आंदोलन का नेतृत्व करने को कोई साहस नहीं जुटा पा रहा था तब गोरक्ष पीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए मरते दम तक नेतृत्व किया। मंदिर निर्माण से करोड़ों हिंदुओं की आस्था पूरी हुई है। करोड़ों हिंदुओं से लिए गए सवा रुपये चंदे से मंदिर निर्माण के लिए आठ करोड़ 40 लाख रुपये पहले ही जुटाए जा चुके थे।
अब उन्हीं रुपये से राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। अब संगठन हिंदुओं को जागरूक करके मजबूत बनाएगा। जैसे प्रत्येक मुसलमान मस्जिदों से जुड़ा होता है, उसी प्रकार प्रत्येक हिंदु को मंदिरों से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक गांव के मंदिरों पर मंगल व शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ कराया जाएगा ताकि हिंदू धर्म से जुड़कर मजबूत हो सकें।
इसके पहले प्रतापगढ़ से पहुंचने पर संगठन के प्रांत अध्यक्ष अरविंद सिंह राजा, विजय बहादुर सिंह, आरपी सिंह, सुशील सिंह, बसंत सिंह व शरद यादव समेत अन्य ने उनका स्वागत किया। यहां से वह अयोध्या के लिए रवाना हो गए।