सुल्तानपुर। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि वर्ष 2014 से पहले टूजी, थ्रीजी, कोयला घोटाला जैसे स्कैम ही सुनने को मिलते थे। 2014 के बाद केंद्र में मोदी सरकार के आने के बाद लोगों को जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से जुड़ी स्कीम देखने को मिली। वह शहर के राम नरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित भाजपा के प्रबुद्ध सम्मेलन में हिस्सेदारी कर रहे थे।
केंद्र सरकार के नौ वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देना व धारा - 370 को समाप्त करना सरकार के महत्वपूर्ण कदम हैं। नौ वर्ष देश के लिए ऐतिहासिक रहे। सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेंस की अपनी नीति पर कायम है। सरकार की हर योजना गरीब के जीवन में खुशहाली ला रही है। लोक कल्याण का कार्य बिना किसी भेदभाव के हो रहा है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद मेनका गांधी ने कहा कि आज की सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। सरकार हर पीड़ित की परेशानी को सुनकर उसे दूर कराने का कार्य करती है। सम्मेलन को भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.आरए वर्मा, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, विधायक सीताराम वर्मा, पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने संबोधित किया। इस मौके पर डॉ. अनुराग पांडेय, डॉ. एमपी सिंह, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश पांडेय, करुणा शंकर द्विवेदी समेत अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे पूर्व सीताकुंड पर स्थित एक धर्मशाला में भी व्यापारी सम्मेलन का आयोजन हुआ।
मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग व एमबीबीएस की पढ़ाई जल्दी
दूबेपुर (सुल्तानपुर)। प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में आए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, पार्टी की विकास तीर्थ यात्रा के साथ निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज भी पहुंचे। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में चल रहे कार्यों के बारे में प्राचार्य से जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के साथ ही बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई भी शुरू कराने की योजना है।
चौदह एकड़ में बनाए जा रहे कॉलेज का निर्माण जून में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन कुछ वजहों से ऐसा नहीं हो सका। मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण जल्दी होगा। प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज में 100 मेडिकल छात्रों की सीटें हैं। 330 बेड के जिला अस्पताल को भी इसके साथ जोड़ा गया है।