धनपतगंज क्षेत्र में थमा गोमती नदी का जलस्तर। संवाद
धनपतगंज। गोमती नदी के जलस्तर में तीन दिन से जारी बढ़ोतरी की रफ्तार शनिवार को थम गई, लेकिन कटान ने तटीय गांवों के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। जासरपुर में गोमती नदी आबादी के बेहद करीब पहुंच गई है।
महज आठ मीटर की दूरी पर घर और पशुशाला होने से ग्रामीणों को जलस्तर बढ़ने पर मकान और पशुओं की सुरक्षा का डर सता रहा है। फिलहाल पानी खेतों और आबादी से दूर है, इसलिए फसलों को नुकसान नहीं हुआ है।
जासरपुर, बगियवा, कोलिया, अमऊ, जज्जौर और मिश्राने समेत आसपास के गांवों में ग्रामीण नदी के जलस्तर और कटान पर नजर रख रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक जलस्तर में दोबारा बढ़ोतरी हुई तो निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। जासरपुर गांव निवासी मनोज यादव ने बताया कि नदी से घर और पशुशाला की दूरी आठ मीटर ही रह गई है। कटान लगातार बढ़ रहा है।
बताया कि पानी बढ़ने पर मकान और पशुओं के लिए खतरा पैदा हो सकता है। राहुल यादव ने बताया कि जलभराव हुआ तो पशुओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाना चुनौती बनेगा। गंदे पानी से पशुओं में संक्रामक रोग फैलने का खतरा रहेगा।