सुल्तानपुर। गोमती नदी का जलस्तर घटने के बाद कादीपुर के कटसारी घाट पर दो लेन पुल बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सेतु निगम की ओर से निर्माण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कार्यदायी फर्म ने निर्माण सामग्री मंगाने के साथ लोहे की सरिया से जाल बनाने का काम शुरू कर दिया है। दिवाली की छुट्टियों के बाद पुल के पिलर बनाने का काम शुरू कराया जाएगा।
सेतु निगम के प्रस्ताव पर शासन ने करीब छह माह पहले कटसारी घाट पर दो लेन पुल निर्माण को मंजूरी दी थी। इसके लिए करीब 34 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पहली किस्त के रूप में करीब 13 करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और डिजाइन स्वीकृत होने के बाद अब निर्माण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मौके पर मशीनें और सरिया पहुंच चुकी हैं।
फिलहाल घाट पर पीपा पुल से आवागमन होता है। बरसात में गोमती का जलस्तर बढ़ने पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इसे हटा देता है। पानी घटने के बाद दोबारा पीपा पुल बनाया जाता है। इससे लोगों को हर साल आवागमन की परेशानी उठानी पड़ती है। भारी वाहनों को कादीपुर से लंभुआ जाने के लिए करीब 15 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है।
स्थायी पुल बनने से भारी वाहनों समेत अन्य राहगीरों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही पीपा पुल को हर साल लगाने और हटाने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक प्रशांत सिंह ने बताया कि दिवाली के बाद पुल के पिलर बनाने का काम शुरू कराया जाएगा।