मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार की रात एक बालिका की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के दियरा बाजार निवासी अखिलेश सोनकर पत्नी नीलम व दो अन्य परिजनों के साथ शनिवार रात करीब दो बजे जीप से आजमगढ़ गए थे। उनकी आठ वर्षीय बेटी अनोखी अपनी बुआ और मामा के बेटे के साथ घर पर थी। परिजनों के अनुसार देर रात अनोखी की तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजन उसे लेकर मोतिगरपुर के एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सक ने अनोखी को इंजेक्शन लगाया।
इसके बाद भी अनोखी को कोई आराम नहीं हुआ तो उसे सीएचसी मोतिगरपुर ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसओ राजकुमार वर्मा ने बताया कि पिता की सूचना पर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।