कुड़वार (सुल्तानपुर)। बारिश के दौरान शुक्रवार को दोपहर सोहगौली गांव में अलग-अलग जगहों पर एक बालिका व महिला पर अचानक बिजली गिर पड़ी। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। आननफानन परिजनों ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोेषित कर दिया। घटना से दोनों के परिवार में कोहराम मचा है। सूचना मिलते ही थाने की पुलिस व तहसीलदार सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
कुड़वार थाना क्षेत्र के सरैया सोहगौली गांव में शुक्रवार को हल्की बारिश के बीच दो जगहों पर बिजली गिर पड़ी। दोपहर में बारिश के दौरान बाहर भीग रहे जानवरों को खोलने घर से निकली सरैया सोहगौली निवासी कुसुम (45) पत्नी रामप्रकाश पर अचानक बिजली गिर पड़ी। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। आननफानन परिजन उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना भी सोहगौली गांव के पूरेभवन पुरवा में दोपहर को हुई। गांव निवासी संतोष कुमार तिवारी की बेटी नैंसी (11) दरवाजे पर खेल रही थी। तभी उसके ऊपर बिजली गिर गई, जिसमें वह गंभीर रूप से झुलस गई। आननफानन परिजन लेकर उसे सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। नैंसी के पिता संतोष तिवारी नौकरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं।
घटना से मां राधा, भाई सुंदरम व वेदांत का रो-रोकर बुरा हाल है। बिजली की चपेट में आई कुसुम के सिर्फ दो बेटियों वर्षा व मधु हैं। दोनों शादीशुदा हैं। उनके पति रामप्रकाश की पहले ही मौत हो चुकी है। तहसीलदार सदर हृदयराम तिवारी ने बताया कि दो घटना की रिपोर्ट भेजी गई है। पीड़ित परिवारों को दैवीय आपदा राशि जल्द दी जाएगी।