फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: 12 से 14 घंटे ही मिल रही बिजली

Thu, 20 Apr 2023 12:18 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। गर्मी बढ़ते ही मांग व आपूर्ति में अंतर से बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। मांग की तुलना में आपूर्ति नहीं मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों का रोस्टर धराशायी हो गया है। लोड बढ़ने से जर्जर संयंत्र जवाब देने लगे हैं।
विज्ञापन




जिले में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लगातार अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी व लू चलने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अप्रैल में ही एकाएक बढ़ते तापमान का असर बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक घरों, प्रतिष्ठानों व कार्यालयों में बिजली की खपत बढ़ती जा रही है।



बिजली की खपत धीरे-धीरे बढ़कर 160 मेगावाट तक पहुंच गई है। इसकी तुलना में करीब 140 मेगावाट की ही आपूर्ति वितरण खंडों को मिल पा रही है। खपत बढ़ने से मांग और आपूर्ति में अंतर शुरू हो गया है। मांग की तुलना में आपूर्ति कम मिलने से खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है।
विज्ञापन



ग्रामीण क्षेत्र के दूर-दराज के लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। शाम व दोपहर में ज्यादा दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों को 18 घंटे की तुलना में महज 12 से 14 घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल पा रही है। इसमें भी कटौती का सामना करना पड़ रहा है।





ग्रामीण क्षेत्रों में शाम को अक्सर ही कटौती की जा रही है। गांव अंधेरे में डूब जा रहे हैं। मोतिगरपुर कस्बे के निवासी अनिल मिश्रा ने बताया कि कटौती की वजह से इनवर्टर से काम चलाना पड़ रहा है। इनवर्टर की व्यवस्था भी सभी के पास नहीं है। डींगुरपुर बनकेगांव निवासी सुरेश वर्मा ने बताया कि गांव में 12 से 14 घंटे ही आपूर्ति मिल पा रही है। कटौती से शाम को अंधेरा हो जाता है। अखंडनगर के पाराबासूपुर निवासी राम सुमेर ने बताया कि बिजली कटौती से बहुत परेशानी हो गई है। रात-दिन मिलाकर 14 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। शाम को कटौती से ज्यादा दिक्कत हो रही है। दोस्तपुर के बभनइया पूरब निवासी अशोक कुमार ने बताया कि 14 घंटे से ज्यादा किसी दिन बिजली नहीं मिल पा रही है।




विद्युत आपूर्ति में जर्जर संयंत्र भी परेशानी बने हैं। स्थिति यह है कि आए दिन पुराने ट्रांसफार्मरों में खराबी आ रही है जिससे कई क्षेत्रों की बिजली गुल हो जा रही है। वहीं गर्मी के महीने में तार झूलने की समस्या के चलते भी परेशानी बनी हुई है।
विज्ञापन








गर्मी से खपत बढ़ी है। एक साथ सभी क्षेत्रों को आपूर्ति नहीं दी जा सकती है। मांग की तुलना में आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने का प्रयास चल रहा है।
-राकेश प्रसाद, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें