सुल्तानपुर। साहब तीन महीने से दौड़ रहा हूं, नायब तहसीलदार मेरे जमीन के प्रस्ताव को मंजूर नहीं कर रहे हैं। जमीन न मिलने से मैं प्रधानमंत्री आवास नहीं बनवा पा रहा हूं। ग्राम प्रधान ने प्रस्ताव करके तीन माह पहले ही भेजा था।
बृहस्पतिवार को कूरेभार के करवते में आयोजित चौपाल में गोसैसिंहपुर निवासी रजनीश त्रिपाठी की ओर से सांसद मेनका गांधी के सामने मामला उठाने पर वह नाराज हो गईं। तहसीलदार से पूछते हुए कहा कि आप लोग मामला क्यों लटकाते हो। कल तक जमीन के प्रस्ताव को मंजूरी दिलाओ।
चौपाल में विद्युत वितरण निगम की सर्वाधिक शिकायतें आईं। प्रेमनारायण ने ड्रेन सफाई व अधिक विद्युत बिलों का मामला उठाया। खरसोमा की सुमन देवी ने किसान सम्मान निधि की मांग की। सैदखानपुर के श्यामनारायण यादव ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाने की मांग की।
बिजली के कई प्रकरण आने पर सांसद ने एसडीओ को बिलों का सुधार करवाने का निर्देश दिया। धनपतगंज ब्लॉक पर सांसद ने विधायक विनोद सिंह की मौजूदगी में जलजीवन मिशन कार्यक्रम में 300 लाभार्थियों को टूल किट का वितरण किया।
ग्रामीणाें की ओर से पाइप डालने का काम अधूरा छोड़ने व सड़क की पटाई न कराने का मामला उठाने पर सांसद ने जलजीवन मिशन के कार्यों से नाराजगी जताई। कहा कि एक ठेकेदार काम लेकर दूसरे व दूसरा तीसरे को दे देता है। इससे गुणवत्ता कहां से आएगी।
लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी के कार्यकाल में रामराज्य फिर वापस आ रहा है। भगवान राम ने जिस तरह परिवार व सत्ता का परित्याग कर जरूरतमंदों के लिए संघर्ष किया, उसी प्रकार हमारी सरकार जरूरतमंदों के लिए काम कर रही है।
इसके पहले लमकना दूबेपुर में अक्षत वितरित करते हुए सांसद ने अयोध्या में राम मंदिर का दर्शन करने व 22 जनवरी को घर-घर दिवाली मनाने के लिए प्रेरित किया। इसके पहले आवास पर आई शिकायतों का निस्तारण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि करीब ढाई बजे सांसद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होते हुए दिल्ली वापस हो गईं। इस मौके पर प्रतिनिधि रणजीत कुमार, शशीकांत पांडेय,संदीप पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।