सुल्तानपुर। लखनऊ जेल में निरुद्ध पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति को पुलिस मंगलवार को एक बार फिर अदालत में पेश नहीं कर पाई। इससे आचार संहिता उल्लंघन के मामले में दूसरी बार फैसला टल गया। एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट के मजिस्ट्रेट योगेश कुमार यादव ने पूर्व मंत्री को छह अप्रैल को तलब करते हुए लखनऊ के जेल अधीक्षक को रेडियो ग्राम भेजा है।
पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर 28 जनवरी 2012 को अमेठी विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान बिना अनुमति जुलूस निकालकर आचार संहिता का उल्लंघन का केस दर्ज है।
मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुनाने के लिए पिछले एक अप्रैल की तिथि नियत की थी लेकिन पुलिस लखनऊ जेल में निरुद्ध गायत्री प्रजापति को कोर्ट नहीं ला पाई थी। इससे फैसला टल गया था और कोर्ट ने फैसला सुनाने के लिए चार अप्रैल की तिथि नियत कर दी थी।
मंगलवार को एक बार फिर पुलिस पूर्व मंत्री को लखनऊ जेल से लाकर कोर्ट में पेश नहीं कर पाई। इससे दूसरी बार कोर्ट का फैसला टल गया। एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट के मजिस्ट्रेट योगेश कुमार यादव ने पूर्व मंत्री को तलब करते हुए छह अप्रैल की तिथि नियत कर दी। कोर्ट ने पूर्व मंत्री को अदालत में पेश करने के लिए लखनऊ के जेल अधीक्षक को रेडियो ग्राम भेजा है।