सुल्तानपुर। स्वच्छता सेवा पखवाड़े की जिले भर में धूम रही। रविवार सुबह अधिकारियों-कर्मचारियों, भाजपा पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने एक घंटे श्रमदान करके स्वच्छता का संदेश दिया। शहर में नोडल अधिकारी/मंडलायुक्त ने श्रमदान करने के साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया।
केंद्र सरकार की ओर से गांधी जयंती के एक दिन पहले स्वच्छता सेवा पखवाड़े के तहत श्रमदान करके स्वच्छता कार्य करने के लिए कहा गया था। इसके लिए शासन की ओर से नामित नोडल अधिकारी अयोध्या के मंडलायुक्त गौरवदयाल स्वच्छता कार्यक्रम में हिस्सा लेने रविवार सुबह पहुंचे।
शहर के पर्यावरण पार्क व पारिजात वृक्ष परिसर में मंडलायुक्त, डीएम जसजीत कौर, सीडीओ अंकुर कौशिक समेत अन्य अधिकारियों ने साफ-सफाई की। इनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, विधायक विनोद सिंह समेत अन्य भाजपाइयों ने भी साफ-सफाई की। करीब एक घंटे के श्रमदान के बाद मंडलायुक्त ने सफाई के प्रति लोगों को प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि साफ-सफाई रखकर बहुत से रोगों को दूर किया जा सकता है। इसके अलावा शहर के अन्य जगहों, कार्यालयों व रेलवे अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी श्रमदान किया। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक कार्यालय, विद्यालय व सार्वजनिक स्थल पर लोगों के सहयोग से श्रमदान कराया गया।
ग्राम पंचायतों में नामित नोडल के नेतृत्व में श्रमदान करके साफ-सफाई की गई। जयसिंहपुर व कूरेभार में विधायक राज प्रसाद उपाध्याय के साथ बीडीओ, एडीओ पंचायत प्रकाश कुमार मिश्र व अन्य ने कई जगहों पर श्रमदान किया।
लंभुआ क्षेत्र में विधायक सीताराम वर्मा, कादीपुर क्षेत्र में विधायक राजेश गौतम समेत अन्य भाजपाइयों व अधिकारियों ने श्रमदान करके स्वच्छता का संदेश दिया। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में छात्रों के सहयोग से स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया। कुछ विद्यालयों के छात्रों ने रैली निकालकर स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया। सुबह 10 से 11 बजे तक ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में श्रमदान किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।