सुल्तानपुर। दोमुंहा चौराहे पर लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़कों पर सजी दुकानों से दिन भर लोगों को आवाजाही में दिक्कतें होती हैं। वहीं, सफाई कर्मियों की मनमानी के चलते नालियों का पानी सड़कों पर बह रहा है।
स्थानीय विकास खंड मुख्यालय की हाईवे पर स्थित बाजार दोमुंहा में समस्याओं का अंबार है। साफ सफाई न होने से हाईवे किनारे सड़क पर कूड़े के ढेर लगे हैं। कचरे से निकलती बदबू से लोगों को परेशानियां उठानी पड़ती हैं।
ब्लॉक मुख्यालय के गांव अभियाकलां में दो सफाई कर्मी तैनात हैं लेकिन सब खानापूरी में लगे रहते हैं। इससे सुबह से शाम तक सड़क की पटरियों पर कूड़ों का ढेर लगा रहता है। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से समस्या को दूर कराए जाने की मांग की है।
दोमुंहा कस्बे से लेकर अभियाकलां गांव तक गंदगी व रुके पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। यहां ठंड के मौसम में दिन भर मच्छर लोगों को काटते रहते हैं। शाम के समय दुकानों पर बैठना मुश्किल रहता है। बाजार के कई लोग मच्छरजनित रोगों की चपेट में हैं।
बाजार व गांव में लगे हैंडपंपों के पास जलनिकासी नहीं होने से दूषित पानी भरा है। हैंडपंप का पानी भी संक्रमित हो चुका है। नल का पानी बदबूदार निकल रहा है।
दोमुंहा कस्बे में सुबह से ही पटरी व हाईवे पर दुकानदार अपना सामान सजाकर कब्जा कर लेते हैं। शाम को सड़क की दोनों पटरियों पर ही सब्जी की तमाम दुकानें सज जाती हैं। वहीं, नहर चौराहे पर कई डग्गामार टेंपों भी सड़क पर आड़े-तिरछे खड़े रहते हैं। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी भदैंया संतोष कुमार ने बताया कि औचक निरीक्षण में नदारद सफाई कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।