सुल्तानपुर। शहर के ठठेरी बाजार में 28 अगस्त 2024 को सराफा डकैती कांड में शामिल 12 आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नगर में बृहस्पतिवार को गैंगस्टर का केस दर्ज किया गया। आरोपियों का गैंग चार्ट बनाकर प्रभारी निरीक्षक ने कार्रवाई के लिए डीएम कुमार हर्ष को भेजा था।
चौक ठठेरी बाजार के आभूषण व्यवसायी भरतजी सोनी की दुकान में 28 अगस्त को दिन दहाड़े डकैती हुई थी। पांच बदमाश असलहा लेकर दुकान में घुसे थे। गन प्वाइंट पर करीब 1.37 करोड़ के आभूषण उठा ले गए थे। वारदात में शामिल आरोपी मास्टर माइंड विपिन सिंह व उसके भाई विवेक सिंह निवासीगण भवानी नगर थाना मोहनगंज जिला अमेठी, सचिन सिंह निवासी शहरी भीमी कोतवाली अमेठी जिला अमेठी, त्रिभुवन कोरी उर्फ लाला निवासी हरीपुर पीपरपुर थाना पीपरपुर जिला अमेठी, पुष्पेंद्र सिंह उर्फ डब्लू निवासी शहरी भीमी कोतवाली अमेठी जिला अमेठी, विनय शुक्ल निवासी शाहमऊ थाना मोहनगंज जिला अमेठी, अरविंद यादव उर्फ फौजी निवासी चमराडीह थाना फूलपुर जिला आजमगढ़, दुर्गेश प्रताप सिंह उर्फ लाल जी निवासी डीह नयापुरवा नियर फायर स्टेशन थाना कोतवाली नगर जिला रायबरेली, अजय यादव उर्फ डीएम निवासी लारपुर थाना सिंगरामऊ जिला जौनपुर, अंकित यादव उर्फ शेखर निवासी हरि का पुरवा थाना आसपुर देवसरा जिला प्रतापगढ़, अरबाज निवासी आशापुर रूरू थाना मोहनगंज जिला अमेठी व फुरकान उर्फ गुज्जर निवासी पूरे चंदई चिलौली थाना मोहनगंज जिला अमेठी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने आरोपियों से लूटा आभूषण भी बरामद कर लिया था। आरोपियों के अपराध के आधार पर गैंग चार्ट तैयार कर अनुमोदन के लिए डीएम को भेजा गया था।
बुधवार को डीएम कुमार हर्ष का अनुमोदन कोतवाली पुलिस को मिला। इंस्पेक्टर धीरज कुमार ने बताया कि गैंग चार्ट के आधार पर सभी आरोपियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।